‘140 करोड़ चुनौतियां हैं तो 140 करोड़ समाधान भी…’: संकल्प सभा में बोले पीएम मोदी, एक दिन दुनिया करेगी ‘मेड इन इंडिया’ विमान की बात

नई दिल्ली: “आज भले ही दुनिया भारत के पायलटों की तारीफ कर रही हो, लेकिन एक दिन ऐसा भी आएगा जब पूरा विश्व ‘मेड इन इंडिया’ विमानों में सफर करेगा और उनकी बात करेगा।” यह विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए व्यक्त किया। अपने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।

पीएम मोदी ने देशवासियों के सामर्थ्य पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत के सामने चुनौतियां जरूर हो सकती हैं, लेकिन हमारे पास 140 करोड़ समाधान भी हैं। अब समय आ गया है कि देश असाधारण और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करे।

भाषण की बड़ी बातें:

  • ‘मेड इन इंडिया’ प्लेन का सपना: पीएम मोदी ने देश की विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और तकनीकी क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि दूरदर्शी नीतियों और कड़ी मेहनत के बल पर भारत जल्द ही विमान निर्माण के क्षेत्र में दुनिया में अपनी धाक जमाएगा।
  • 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: बीते एक दशक की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो पहले नामुमकिन लगता था, वह अब मुमकिन हो गया है। 10 साल के भीतर 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना भारत की क्षमता का जीता-जागता प्रमाण है।
  • स्वामी विवेकानंद और अरबिंदो का जिक्र: पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद के उस कथन को याद किया जिसमें उन्होंने एक गौरवशाली और महान भारत के उदय की बात कही थी। साथ ही महर्षि अरबिंदो के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के भाग्य का सूर्य उदय हो चुका है और इसकी चमक पूरे विश्व को आलोकित करेगी।
  • 2047 तक ‘विकसित भारत’ का रोडमैप: उन्होंने कहा, “100 साल पहले हम 40 करोड़ से कम थे, आज हम 140 करोड़ से ज्यादा हैं। जब 140 करोड़ देशवासी एक साथ संकल्प लेंगे, तो 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई रोक नहीं सकता।”
  • हर क्षेत्र में फहराएगा तिरंगा: पीएम मोदी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी जैसे हर क्षेत्र में भारत को दुनिया का नेतृत्व करना होगा। हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए कि हर जगह भारत का तिरंगा गर्व से लहराए।

क्या है विकसित भारत संकल्प सभा? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत इस सभा का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को जन-जन तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *