उत्तरकाशी/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘सेवा संकल्प सभा’ में शिरकत की। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय जनता को बड़ी सौगात देते हुए उत्तरकाशी में ‘विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर’ के निर्माण की घोषणा की।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कॉरिडोर के बनने से श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इसके साथ ही CM धामी ने उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, पीएचसी धौंतरी के उच्चीकरण और डोडीताल व अवाना बुग्याल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण का भी आश्वासन दिया।
विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर उत्तराखंड प्रधानमंत्री के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है। उन्होंने राज्य की उपलधियों का ब्योरा देते हुए बताया:
- अर्थव्यवस्था और आय: पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में 41% की बढ़ोतरी हुई है।
- चारधाम यात्रा: इस वर्ष अब तक रिकॉर्ड 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
- लखपति दीदी: प्रदेश की 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
- पारदर्शी व्यवस्था: सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले 5 वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
- इंडस्ट्री व टूरिज्म: राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग लगे हैं, जबकि सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
उत्तरकाशी को ₹200 करोड़ की योजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी जनपद में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 50 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनमें से 26 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 24 पर काम तेजी से चल रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय समेत भारी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
