‘दूसरों को उपदेश देने से बचे पाकिस्तान’: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने ड्रैगन के पड़ोसी को दिया करारा जवाब

नई दिल्ली/संयुक्त राष्ट्र: भारत ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के मंच पर पाकिस्तान को एक बार फिर बेनकाब करते हुए तीखा हमला बोला है। भारत ने दो टूक कहा है कि यह बेहद ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि इस्लामाबाद भारत के केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को लेकर लगातार झूठ और भ्रामक दावे फैला रहा है और वैश्विक मंच का दुरुपयोग कर रहा है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में ‘उपनिवेशवाद के उन्मूलन’ विषय पर चर्चा के दौरान पाकिस्तान द्वारा उठाए गए बेतुके बयानों का भारत ने ‘उत्तर देने के अधिकार’ (Right of Reply) का इस्तेमाल करते हुए जोरदार खंडन किया।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान को आईना दिखाया

चर्चा के दौरान भारत की ओर से जवाब देते हुए सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान की पोल खोली। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान भारत के केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठ फैलाकर इस गरिमामय मंच का दुरुपयोग कर रहा है।’’

सांसद ने पाकिस्तान के काले इतिहास को उजागर करते हुए कहा कि जिस देश में सैन्य तानाशाही, चुनावों में धांधली, लोकप्रिय नेताओं को जेल में डालना, धार्मिक कट्टरपंथ और आतंकवाद को स्टेट पॉलिसी के रूप में बढ़ावा देने का इतिहास रहा हो, उसे भविष्य में इस मंच पर दूसरों को ‘‘उपदेश देने’’ से बिल्कुल बचना चाहिए। भारत ने साफ कर दिया कि “जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा है और हमेशा रहेगा।”

PoK में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर घेरा

भारत ने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों (PoK) में जारी गंभीर मानवाधिकारों के हनन पर भी कड़ी आपत्ति जताई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान से इन क्षेत्रों में जारी अत्याचारों को तत्काल रोकने की मांग की।

सांसद मेवाड़ ने कहा कि इन क्षेत्रों की जनता पाकिस्तानी सेना के दमन, बर्बरता और संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ खुलकर विद्रोह कर रही है। पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों और उनके छद्म संगठनों ने बुनियादी अधिकारों और स्वतंत्रताओं की मांग कर रहे कई निर्दोष नागरिकों की जान ले ली है।

प्रतिनिधिमंडल के दौरे का हिस्सा हैं सांसद

गौरतलब है कि महिमा कुमारी मेवाड़ उन 15 सांसदों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं, जो संयुक्त राष्ट्र के कामकाज को करीब से समझने के लिए इस सप्ताह न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। इस दौरे के दौरान भारतीय सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *