दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने PM मोदी को दी बधाई, बोले- ‘सोल में आपका फिर से स्वागत करने को उत्सुक’

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर दुनियाभर से बधाई संदेश आ रहे हैं। इस खास मौके पर दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक भावुक संदेश साझा कर पीएम मोदी के इस सफल सफर को सलाम किया है और इसे बेहद गर्व का विषय बताया है।

दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के उनके सफर की सराहना करते हुए लिखा, “आज से 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद से आपने भारत के लोगों के बेहतर जीवन के निर्माण के लिए खुद को समर्पित किया है। आपके इस अटूट समर्पण को मैं सलाम करता हूं और इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपको हार्दिक बधाई देता हूं।”

‘भारत की लगातार प्रगति भारतीय जनता के लिए गर्व का विषय’ पीएम मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर भारत के बढ़ते दबदबे और आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने कहा कि आपके नेतृत्व में भारत ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के जरिए लगातार नई ऊंचाइयों को छुआ है। विभिन्न चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी दृढ़ता का प्रदर्शन किया है। ये उपलब्धियां न केवल भारतीय जनता के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को एक मजबूत आधार भी प्रदान करती हैं।

भारत-दक्षिण कोरिया संबंधों पर जोर दोनों देशों के प्रगाढ़ होते रिश्तों का उल्लेख करते हुए दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने लिखा, “विशेष रणनीतिक साझेदारों के रूप में कोरिया गणराज्य और भारत मिलकर विकास और इनोवेशन के भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। हम दोनों देशों के कारोबारियों और युवाओं की आकांक्षाओं को समर्थन देना जारी रखेंगे और पिछले साल नई दिल्ली में तय किए गए साझा विजन को साकार करेंगे।”

अपने बधाई संदेश का समापन करते हुए उन्होंने भारत की जनता के प्रति कोरियाई नागरिकों की गहरी मित्रता व्यक्त की और लिखा, “मैं इस बार सोल में आपका फिर से स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं। आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुआ था सियासी सफर बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है। उनकी प्रशासनिक यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुई थी, जब उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मई 2014 तक गुजरात के सीएम रहने के बाद उन्होंने देश की कमान संभाली और लगातार तीसरे कार्यकाल के साथ देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *