भारतीय वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस गुरुवार को, हिंडन एयरबेस पर दिखेगा जांबाजों का शौर्य; होने जा रहा है बड़ा बदलाव

नई दिल्ली/गाजियाबाद: भारतीय वायुसेना 8 अक्टूबर को अपना 94वां वायुसेना दिवस (Air Force Day) मनाने जा रही है। इस खास मौके पर गाजियाबाद स्थित सामरिक दृष्टि से बेहद अहम हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर भव्य और आकर्षक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना के वीर योद्धा अपनी अनुशासित परेड, अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह परेड की सलामी लेंगे और उसकी समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह देश के आसमान की निगहबानी में तैनात वायु योद्धाओं को संबोधित भी करेंगे।

सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य के रोडमैप पर रहेगा फोकस हर साल 8 अक्टूबर को मनाया जाने वाला यह दिन वायुसेना के गौरवशाली इतिहास, अदम्य शौर्य और देश की हवाई सीमाओं की सुरक्षा में दिए गए सर्वोच्च योगदान को समर्पित होता है। वायुसेना प्रमुख का यह संबोधन इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें वायुसेना की हालिया उपलब्धियों, उभरती साइबर-अंतरिक्ष चुनौतियों और भविष्य की तैयारियों का खाका पेश किया जाएगा।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आज वायुसेना के सामने केवल पारंपरिक युद्ध की ही चुनौती नहीं है, बल्कि अनमैन्ड सिस्टम्स (ड्रोन), स्पेस तकनीक और साइबर सुरक्षा जैसे नए मोर्चे भी खुल गए हैं। ऐसे में 94वां वायुसेना दिवस भारत की बढ़ती हवाई ताकत और आधुनिक भारत की सामरिक तैयारियों को दुनिया के सामने रखेगा।

1932 में रखी गई थी नीव गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। अपने 94 वर्षों के सफर में भारतीय वायुसेना ने कई युद्धों, आपदा राहत अभियानों और अंतरराष्ट्रीय मिशनों में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की आखिरी परेड, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे नए वायुसेना प्रमुख यह समारोह एक और वजह से बेहद खास और भावुक होने जा रहा है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह बतौर वायुसेना प्रमुख अपने कार्यकाल के अंतिम एयरफोर्स डे समारोह में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि वह इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

उनकी जगह केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान में वायुसेना उपप्रमुख (Vice Chief of Air Staff) की जिम्मेदारी संभाल रहे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक तौर पर कमान संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *