PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर CM धामी ने उत्तरकाशी काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा, माँगी दीर्घायु की कामना

उत्तरकाशी/देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री के लंबे और सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है।

‘राष्ट्रसेवा और सुशासन के 25 साल’ सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पिछले 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्ण समर्पण का काल रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का अभूतपूर्व कार्य किया है।”

मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के चरणों में प्रार्थना करते हुए कामना की कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत तेजी से ‘विकसित भारत’ के संकल्प की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *