नई दिल्ली: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आज शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के अभूतपूर्व और कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है, जिससे शहर के कई इलाके पूरी तरह छावनी में तब्दील नजर आ रहे हैं।
मेट्रो स्टेशन बंद और ट्रेनों के पहिए थमे
सुरक्षा व्यवस्था और एहतियात के तौर पर राजधानी के लगभग 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखे गए हैं। इसके अलावा दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर के आसपास के 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया
मंडी हाउस से जंतर-मंतर तक कड़ा पहरा
नई दिल्ली में मंडी हाउस से लेकर जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा बिठाया गया है। पुलिस वाहनों की सघन जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने दे रही है। फिरोज शाह रोड पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि जनपथ गोल चक्कर पर भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। आसमान से सुरक्षा पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करते हुए सीआईएसएफ (CISF) के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी और सीमाओं पर सख्ती
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 30 ऐसे मार्गों को चिह्नित किया है जहां आवागमन प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे मध्य दिल्ली या नई दिल्ली के रास्तों से होकर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस अड्डों की ओर जा रहे हैं, तो अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
राजधानी की सीमाओं पर भी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर, गाजियाबाद से सटे लोनी गोल चक्कर और टिकरी बॉर्डर समेत तमाम अहम बॉर्डर पॉइंट पर पुलिस और बीएसएफ के जवान आने-जाने वाले वाहनों की कड़ी चेकिंग कर रहे हैं। संवेदनशील हालात को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
